चंडीगढ़ एयरपोर्ट पर मंगलवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब हैदराबाद से आई इंडिगो की एक फ्लाइट में यात्री के पावर बैंक में अचानक आग लग गई। घटना के बाद विमान के अंदर धुआं फैलने लगा, जिससे यात्रियों में दहशत का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार इंडिगो की फ्लाइट 6E-108 हैदराबाद से चंडीगढ़ पहुंची थी। विमान लैंडिंग के बाद एयरपोर्ट पर खड़ा था, तभी एक यात्री के बैग में रखे पावर बैंक से धुआं निकलने लगा और उसमें आग लग गई। केबिन क्रू ने तुरंत फायर सेफ्टी प्रक्रिया शुरू की और यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालने का फैसला लिया।
घटना के दौरान विमान में मौजूद यात्रियों को इमरजेंसी स्लाइड और गेट की मदद से बाहर निकाला गया। रिपोर्ट्स के मुताबिक इस दौरान कुछ यात्रियों और एयरलाइन स्टाफ को हल्की चोटें आईं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया।
इंडिगो एयरलाइंस ने बयान जारी कर कहा कि यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए तत्काल एवाक्यूएशन कराया गया। एयरलाइन के मुताबिक सभी यात्रियों को सुरक्षित टर्मिनल तक पहुंचा दिया गया और विमान की तकनीकी जांच की जा रही है।
घटना के बाद एक बार फिर फ्लाइट में पावर बैंक और लिथियम बैटरी उपकरणों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठने लगे हैं। DGCA पहले ही उड़ान के दौरान पावर बैंक के इस्तेमाल को लेकर सख्त दिशा-निर्देश जारी कर चुका है।






