उत्तर प्रदेश के बरेली में आई तेज आंधी का एक वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। वीडियो में एक युवक टीनशेड को पकड़कर खड़ा दिखाई देता है, तभी तेज हवा का झोंका उसे टीनशेड समेत हवा में उठा ले जाता है। यह नजारा देखकर आसपास मौजूद लोग भी घबरा जाते हैं।
वायरल वीडियो में दिख रहे युवक की पहचान नन्हें मियां के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि घटना बरेली के भमोरा इलाके की है, जहां अचानक मौसम बिगड़ने के बाद तेज आंधी और बारिश शुरू हो गई थी। इसी दौरान नन्हें मियां अपने घर के बाहर लगे टीनशेड को संभालने की कोशिश कर रहे थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हवा इतनी तेज थी कि टीनशेड उखड़ गया और नन्हें मियां भी उसके साथ ऊपर उठ गए। कुछ सेकंड बाद वह नीचे गिर पड़े। हादसे में उन्हें चोटें आई हैं और इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि घटना के बाद इलाके में काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल रहा।
वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर लोग अलग-अलग प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। कई यूजर्स इसे खतरनाक बता रहे हैं, जबकि कुछ लोग वीडियो देखकर हैरानी जता रहे हैं। वहीं कुछ लोगों ने वीडियो की सत्यता पर सवाल भी उठाए, हालांकि स्थानीय स्तर पर घटना की पुष्टि की गई है।
हाल के दिनों में उत्तर प्रदेश के कई जिलों में तेज आंधी और बारिश का असर देखने को मिला है। मौसम विभाग ने भी बदलते मौसम को लेकर लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। इस वायरल वीडियों के सम्बन्ध में क्षेत्राधिकारी आंवला, बरेली श्री नितिन कुमार का कथन बरेली पुलिस द्वारा X प्लेटफार्म पर पोस्ट किया गया है।






