आज के डिजिटल युग में नकारात्मकता और अफवाहों का मुकाबला रचनात्मकता से करने के उद्देश्य के साथ बरेली जोन पुलिस ने अपने महत्वाकांक्षी अभियान 'परवाह' की सफलता का जश्न मनाया। बरेली जोन मुख्यालय पर आयोजित एक विशेष सम्मान समारोह में एडीजी जोन रमित शर्मा ने बेहतरीन प्रदर्शन करने वाली सोशल मीडिया टीमों को सम्मानित किया।
यमराज का क्रिएटिव और 'करवा चौथ' स्लोगन रहा चर्चा में
अभियान की सफलता का सबसे बड़ा कारण इसके आकर्षक और प्रभावी क्रिएटिव्स रहे। महिलाओं को जागरूक करने के लिए "करवा चौथ आ रही है, हेलमेट लगाएं नहीं तो छिन जाएगा सुहाग" जैसे भावनात्मक स्लोगन ने जनता पर गहरा प्रभाव डाला।
डिजिटल आंकड़ों में ऐतिहासिक सफलता
19 अप्रैल से 19 मई 2025 तक चले इस एक महीने के अभियान ने डिजिटल दुनिया में रिकॉर्ड तोड़ प्रदर्शन किया:
-
कुल डिजिटल व्यूज: 1,00,50,530 (1 करोड़ से अधिक)
-
सोशल मीडिया इंटरैक्शन: 10,41,943 (लाइक, शेयर और रिप्लाई)
-
प्रचार सामग्री: 5,785 पोस्ट, 1,828 पोस्टर और 1,144 वीडियो के जरिए संदेश फैलाया गया।
पुरस्कारों की घोषणा: रामपुर रहा अव्वल
एडीजी रमित शर्मा, डीआईजी अजय साहनी और एसएसपी अनुराग आर्य ने कुल 65 पुलिसकर्मियों को शील्ड और नकद पुरस्कार प्रदान किए:
-
प्रथम पुरस्कार: जनपद रामपुर (शानदार रणनीति और फील्ड एक्टिविटी हेतु)
-
द्वितीय पुरस्कार: जनपद बरेली
-
तृतीय पुरस्कार: यातायात पुलिस, जनपद बरेली (फेसबुक पर सर्वाधिक सक्रियता हेतु)
इसके अतिरिक्त बदायूं, मुरादाबाद और विभिन्न परिक्षेत्रों की टीमों को भी प्रोत्साहन एवं सराहनीय पुरस्कारों से नवाजा गया।
नकारात्मकता का रचनात्मक जवाब
समारोह को संबोधित करते हुए एडीजी रमित शर्मा ने कहा, "अफवाहों की उड़ान रोकने का सबसे सटीक तरीका सही जानकारी को प्रभावी ढंग से लोगों तक पहुँचाना है। 'परवाह' अभियान ने न केवल लोगों की जान बचाने का संदेश दिया, बल्कि सोशल मीडिया पर नेगेटिव नैरेटिव सेट करने वालों को भी मुंहतोड़ जवाब दिया है। कार्यक्रम का संचालन इंस्पेक्टर विप्लव शर्मा ने किया, जिसमें हाइब्रिड मोड के जरिए अन्य जनपदों की टीमों ने भी अपनी सफलता की प्रेजेंटेशन दी।








