मॉस्को। रूस-यूक्रेन युद्ध के बीच यूक्रेन ने गुरुवार को रूस की राजधानी मॉस्को पर अब तक का सबसे बड़ा ड्रोन हमला किया। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, यूक्रेन ने करीब 200 ड्रोन के जरिए मॉस्को और उसके आसपास के रणनीतिक ठिकानों को निशाना बनाया। हमले का मुख्य लक्ष्य मॉस्को के दक्षिण-पूर्वी हिस्से में स्थित कपोत्न्या ऑयल रिफाइनरी रही, जहां धमाकों के बाद भीषण आग लग गई और आसमान में धुएं के बड़े गुबार दिखाई दिए।
रूसी अधिकारियों ने दावा किया कि वायु रक्षा प्रणाली ने अधिकांश ड्रोनों को मार गिराया, लेकिन कुछ ड्रोन सुरक्षा घेरे को भेदकर अपने लक्ष्यों तक पहुंचने में सफल रहे। हमले में कई औद्योगिक परिसरों और कुछ आवासीय इमारतों को भी नुकसान पहुंचा है। स्थानीय प्रशासन के अनुसार घटना में कई लोग घायल हुए हैं, जबकि नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
बताया जा रहा है कि कपोत्न्या ऑयल रिफाइनरी मॉस्को की ईंधन आपूर्ति का एक प्रमुख केंद्र है। इस पर हमले से राजधानी की ईंधन आपूर्ति प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में रिफाइनरी क्षेत्र से उठती आग की लपटें और धुएं के गुबार साफ दिखाई दे रहे हैं।
हमले के बाद मॉस्को के कई हवाई अड्डों पर उड़ान संचालन अस्थायी रूप से प्रभावित हुआ। सुरक्षा कारणों से कुछ उड़ानों को रोका गया और कई विमानों का मार्ग बदला गया। रूसी सुरक्षा एजेंसियां हमले के प्रभाव और नुकसान का आकलन करने में जुटी हैं।
विश्लेषकों का मानना है कि यह हमला रूस के हालिया मिसाइल और ड्रोन हमलों के जवाब में किया गया है। यूक्रेन लंबे समय से रूस के सैन्य और ऊर्जा ढांचे को निशाना बनाकर उसकी युद्ध क्षमता को कमजोर करने की रणनीति अपना रहा है। वहीं रूस की ओर से इस हमले के बाद कड़ी जवाबी कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है।











